कायाकल्प अंतर्गत आरंभ निर्माण कार्यों का डेट लाइन तय
-30 नवम्बर तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का डीएम का निर्देश
मोतिहारी। बिहार सरकार के कायाकल्प अभियान को जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में एडीएम लोक शिकायत, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे, जबकि उप विकास आयुक्त एवं जिला के सभी अनुमंडल पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सार्वजनिक परिसंपत्तियों (जैसे सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत भवन) की मरम्मत, जीर्णोद्धार और उनके बुनियादी ढांचे का उन्नयन करना है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अगले दो दिनों में सभी विभाग लिए गए कार्यों से संबंधित प्रविष्टियों को पूर्ण करें एवं आने वाले 30 नवंबर तक हर हाल में सभी कार्यों को पूर्ण कराएं। जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन और डीपीओ आईसीडीएस को निर्देश दिया गया कि योजनाओं का चयन शत प्रतिशत करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण या मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
जिला के सभी अनुमंडल पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण करने और 30 नवंबर 2026 तक योजनाओं को पूर्ण कराने का निर्देश दिए। जबकि कार्य में लापरवाही बरतने वाले या समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले संबंधित अधिकारियों और संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

