खाद्य संरक्षा पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत सख्त, 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

खाद्य संरक्षा पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत सख्त, 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
Facebook WhatsApp

पटना। स्वास्थ्य मंत्री निशांत के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता, खाद्य संरक्षा मानकों के अनुपालन और वैध लाइसेंस की जांच की जा रही है।राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें पटना में सर्वाधिक 87 निरीक्षण दर्ज किए गए। इसी अवधि के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से संबंधित कार्रवाई में दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए तथा 15 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियोजन दायर किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने स्पष्ट किया है कि खाद्य संरक्षा से जुड़े मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण सामग्री और वैध लाइसेंस से संबंधित सभी नियमों का पालन करना होगा।

पटना जिले से लगभग 15,340 लीटर पैकेज्ड पेयजल, 3,456 किलोग्राम मिल्क केक, 155 किलोग्राम गुलाब जामुन, 96 किलोग्राम रसगुल्ला, 170 किलोग्राम मिश्रित मिठाई एवं पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्रियों पर कार्रवाई का विवरण दर्ज है। इसके अलावा मैदा, आटा, मसाले, ब्रेड, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई।

पटना के संपतचक, गौरीचक और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पैकेज्ड पेयजल इकाइयों की जांच की गई।

इस दौरान महादेव इंटरप्राइजेज, त्रिवेणी नीर और अन्य प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में पैकेज्ड पेयजल जब्त किया गया। कई इकाइयों में बिना लाइसेंस पानी की पैकेजिंग तथा विभिन्न ब्रांडों के लेबल के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने संबंधित इकाइयों में उत्पादन एवं संचालन बंद कराने के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे।पटना के होटल गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्र एग्जॉटिका, द पनाश, होटल मौर्या और अन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में रसोई की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच से संबंधित कमियां सामने आईं। कुछ स्थानों पर शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए, जबकि कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी और खराब खाद्य सामग्री मिली। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।

पटना की मिठाई दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। विजय नगर स्थित संतोष स्वीट्स में 3,344 किलोग्राम मिल्क केक और 112 किलोग्राम पेड़ा जब्त करने का विवरण दर्ज है, जिनका अनुमानित मूल्य 5.24 लाख बताया गया है। हनुमान नगर स्थित गोवर्धन स्वीट्स में 170 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त मिठाई एवं पनीर पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा शांतिलाल स्वीट्स, शालीमार स्वीट्स, लड्डू गोपाल स्वीट्स तथा अन्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, पैकिंग एवं भंडारण से संबंधित कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए।

विभाग ने पटना के राजीव नगर, फ्रेजर रोड, एसपी वर्मा रोड, मलाही पकड़ी और परसा बाजार क्षेत्र में भी जांच की। कई प्रतिष्ठानों से जला हुआ तेल, बासी खाद्य सामग्री, खराब पनीर और एक्सपायरी उत्पाद जब्त किए गए। परसा बाजार स्थित मनीषा डेयरी में खाद्य पदार्थों के भंडारण, उपकरणों की सफाई और स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य संरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक निर्देश दिए गए।अन्य जिलों में भी व्यापक निरीक्षण

पटना के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी खाद्य संरक्षा विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। पिछले तीन माह के दौरान रोहतास में 41, सारण में 40, गोपालगंज में 37, सीवान में 27, गया में 26, वैशाली में 24, मुजफ्फरपुर में 20, भागलपुर एवं पश्चिम चंपारण में 18-18, पूर्णिया में 16, भोजपुर एवं समस्तीपुर में 15-15 तथा दरभंगा एवं पूर्वी चंपारण में 14-14 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार अरवल एवं कैमूर में 13-13, कटिहार में 12, मधुबनी, सहरसा और सीतामढ़ी में 10-10, खगड़िया में 7, सुपौल में 6, बेगूसराय में 5, अररिया, औरंगाबाद, मधेपुरा तथा नालंदा में 4-4 प्रतिष्ठानों की जांच हुई। बांका, बक्सर एवं जहानाबाद में 3-3, जमुई, लखीसराय एवं मुंगेर में 2-2 तथा किशनगंज एवं नवादा में एक-एक प्रतिष्ठान का निरीक्षण दर्ज है। रिपोर्ट में शेखपुरा एवं शिवहर जिले में इस अवधि के दौरान निरीक्षण की संख्या शून्य दर्ज की गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और निर्धारित खाद्य संरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पटना सहित राज्य के सभी जिलों में जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page