पूर्वी चंपारण जिला:आज की प्रमुख खबर
प्रभावती हत्याकांड के फरार तीन आरोपितों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
डुगडुगी बजाकर पुलिस ने की कार्रवाई, हाजिर नहीं होने पर कोर्ट के आदेश से होगी घर की कुर्की
हरसिद्धि। प्रभावती हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपितों के घर पर पुलिस ने गुरुवार को इश्तेहार चिपकाया। पुलिस डुगडुगी बजाकर ग्रामीणों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। सभी फरार आरोपित हरसिद्धि थाना क्षेत्र के भादा पंचायत अंतर्गत झड़वा गांव के रहने वाले हैं। आरोपितों में सुदीश साहनी, रूपांति देवी और प्रतिमा देवी शामिल हैं।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपितों के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में आरोपितों के हाजिर नहीं होने पर न्यायालय के आदेश से उनके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 17 जून 2023 की रात पुलिस ने झड़वा गांव निवासी अजित साहनी की पत्नी प्रभावती देवी का शव बरामद किया था। मृतका का शव गांव घर से ही बरामद हुआ था।उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी।
मृतका की मां पन्नापुर बाजार निवासी सुरेंद्र सहनी की पत्नी उमा देवी ने ससुराल वालों पर दहेज में कार की मांग को लेकर प्रभावती की हत्या करने का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि ससुराल वालों ने गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया था।
गायघाट चौक पर अधेड़ की संदिग्ध हालत में मौत
गलत इंजेक्शन लगाने का परिवार वालों का आरोप
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के उज्जैनलोहियार निवासी एक अधेड़ की बुधवार शाम गायघाट चौक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ढोढ़ाई साहनी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर हरसिद्धि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पुत्र विजय साहनी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उनके पिता की मौत हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बताया जाता है कि ढोढ़ाई साहनी टेम्पो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने ससुराल में रहकर जीवन-यापन कर रहे थे। बुधवार को भी वे टेम्पो लेकर निकले थे। हार्डवेयर व्यवसायी अवधेश सिंह ने बताया कि ढोढ़ाई साहनी से उनकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने टेम्पो से चिरान से लकड़ी गिराने की बात कही थी। इसके कुछ देर बाद गायघाट चौक पर उनकी मौत की खबर मिली।
मौत की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव के पास कुछ देर तक रुदन-क्रंदन करते रहे। परिजन घटना को लेकर आक्रोशित थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, स्थानीय स्तर पर हार्ट अटैक से मौत होने की भी चर्चा है।
दिल्ली सड़क हादसे में घायल मजदूर की पांच माह बाद मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
13 मई को ऑटो से ड्यूटी जाने के दौरान अज्ञात वाहन ने मारी थी ठोकर
हरसिद्धि। दिल्ली में सड़क दुर्घटना में करीब पांच माह पूर्व गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के चड़रहिया पंचायत के वार्ड नंबर-9 निवासी रामअयोध्या पंडित के पुत्र छोटू पंडित के रूप में हुई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई अरविंद पंडित ने बताया कि छोटू पंडित दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। बीते 13 मई को वह अपने आवास से ऑटो पर सवार होकर ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी दौरान जीटी करनाल रोड स्थित शनि मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में अलीपुर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। दिल्ली में इलाज के बाद परिजन उसे मोतिहारी लेकर आए, जहां शहर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। करीब पांच माह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पर हरसिद्धि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। छोटू की मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। मृतक की पत्नी रानी देवी और चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
देशी पिस्टल के साथ विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
डुमरियाघाट। थाना क्षेत्र अंतर्गत सरोतर गांव स्थित जोगबाबा मंदिर के पास फुलवारी से पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को देशी पिस्टल के साथ निरुद्ध किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस सबंध में डुमरीयाघाट थाना अध्यक्ष विवेक कुमार वालेन्दु ने बताया की
पुलिस पदाधिकारी इंद्रकांत को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उक्त कार्रवाई की गई। निरुद्ध बालक सरोतर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है की बालक के पाश यह देशी पिस्टल कहा से आया।
फंदे से लटका मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
संग्रामपुर। थाना क्षेत्र के भुसाहा गांव में बुधवार की देर सन्ध्या एक महिला का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आलोक मंडल की 22 वर्षीय पत्नी रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी जानकारी दी महिला की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात कर रही है। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया की पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दर्जन शराब भट्ठियां ध्वस्त
-30 लीटर देसी शराब बरामद, एक कारोबारी गिरफ्तार
संग्रामपुर। अवैध देसी शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ संग्रामपुर पुलिस ने गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्तरी व दक्षिणि मधुबनी पंचायत के कोइरगांवा चंवर में छापेमारी कर करीब एक दर्जन देसी शराब बनाने वाली भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान शराब बनाने के लिए तैयार हजारों लीटर कच्चे घोल को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 30 लीटर तैयार देसी शराब बरामद की और एक कारोबारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार कारोबारी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
बताया जाता है कि कोइरगांवा चंवर में लंबे समय से देसी शराब बनाने के अवैध कारोबार की चर्चा रही है। सुनसान और चंवर वाले इलाके का फायदा उठाकर शराब बनाने वाले कारोबारी इस धंधे को अंजाम देते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
खिड़की के नीचे दीवार काट कर गहने और वर्तन की चोरी
संग्रामपुर। थाना क्षेत्र के दक्षिणी भवानीपुर पंचायत के वार्ड एक में ईंट के कच्चे मकान के खिड़की के नीचे से दीवार काट कर चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया। बताया गया है कि गृह स्वामी शांति कुंवर अपनी शिक्षिका पौत्री के साथ मंगलवार को अपने पुत्र राजन राय के पास गई थी। इसी बीच गुरुवार को सुबह पड़ोसी द्वारा घटना की सूचना मिली और घर पहुंची तो अंदर समान पड़ा था पेटी ट्रक का ताला टूटा पड़ा था।
पीड़िता ने बताया कि पुराने सोना चांदी के गहने शिक्षिका पौत्री के गहने व कीमती कपड़े की चोरी हुई है। तीन बड़े पेटी में समान रखे थे जिसका ताला चोरों द्वारा तोड़ दिया गया था।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरी की इस घटना को देख दंग रह गई और घेरा बना कर जांच में जुटी है।वही पीड़ित परिवार डौग स्क्वाड की टीम बुलाने की मांग की है।
आर्म्स एक्ट व चोरी से जुड़े मामले का आरोपी गिरफ्तार
हरसिद्धि। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज एक मामले के प्राथमिक अभियुक्त अतिश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरसिद्धि वार्ड नंबर दो निवासी शम्भू प्रसाद के पुत्र अतिश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, अतिश कुमार हरसिद्धि थाना कांड संख्या 502/23 में प्राथमिक अभियुक्त है। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 413, 414 और 120(बी) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए), 25(1-बी)(ए), 26 और 35 के तहत दर्ज है।
हत्या के मामले में भी केस दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अतिश का आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध हरसिद्धि थाना कांड संख्या 209/21, दिनांक 6 अक्टूबर 2021 को भारतीय दंड विधान की धारा 302, 120(बी) और 34 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
आजाद नगर लूट कांड के अभियुक्त प्रियांशु पर दस हजार इनाम
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में हाल के दिनों में ही दिनदहाड़े एक घर में हुई डकैती कांड के चिन्हित अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात में 10 हजार के इनाम की घोषणा की है। बताया गया है कि उक्त अभियुक्त को चिन्हित करने के बाद उसके विरुद्ध पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तारी नहीं होने की सूरत में उसके विरुद्ध इनाम की घोषणा की गई है। शातिर बदमाश प्रियांशु सिंह शहर के शांतिपुरी मोहल्ले का निवासी बताया गया है , जिसके विरुद्ध नगर थाने में और आदापुर थाने में आधा दर्जन लूट , रंगदारी जैसे आपराधिक मामले दर्ज है।
बता दे कि हाल के दिनों में ही आजाद नगर मोहल्ले में शाम के चार – पांच बजे के बीच दिन दहाड़े अपराधियों ने अनिल गुप्ता के घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में नगर थाने में कांड संख्या 1007 / 26 दर्ज करते हुए घटना में शामिल प्रियांशु सहित अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस प्रयासरत है।

