कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़,18 की मौत,40 से ज्यादा घायल
कोलकाता। दुर्गा पूजा की हर्ष और उल्लास के बीच महासप्तमी की शाम कोलकाता में बड़ा हादसा हो गया। उत्तर कोलकाता के चोरबागान स्थित पूजा पंडाल में भारी भीड़ के दबाव के कारण पंडाल का एक हिस्सा ढह गया। जिसके बाद वहां मची भगदड़ से बड़ा हादसा हो गया।
हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, इनमें 4 पुरुष, 13 महिलाएं और 7 साल का एक बच्चा शामिल है। इस घटना में करीब 40 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।जिन्हे सुरक्षित बाहर निकालकर कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।कोलकाता मेडिकल काॅलेज के सूत्रो के अनुसार मरने वालो की संख्या बढ सकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूजा आयोजन समिति के साथ मिलकर राहत और बचाव में जुट गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

कोलकाता पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान भारी भीड़ के चलते चोरबागान के शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ की घटना हुई। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार को शाम करीब 7.40 बजे गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में हुई।
हादसे के बाद घायलों के लिए रेस्क्यू पुलिस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप की टीमें एंबुलेंस के साथ मौके पर जुटी है। फिलहाल पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, प्रशासन के निर्देश पर ताला प्रतॉय पंडाल को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही ज्यादा भीड़ जुटने वाली चेतला अग्रणी पंडाल को भी बंद किया गया है।
वही कोलकाता में भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि यह घटना से बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है।
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

