शांति समिति के सदस्यों ने शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारा के बीच दुर्गा पूजा संपन्न कराने का भरोसा दिलाया
-डीएम-एसपी का संयुक्त ब्रीफिंग
मोतिहारी। अनुमंडलीय सभागार सिकरहना (ढाका) में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की संयुक्त अध्यक्षता में दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द के साथ संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक की गई।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिकरहना एवं शांति समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित थे।जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर की गई तैयारी एवं विसर्जन से संबंधित तैयारी के विषय में सभी सदस्यो से जानकारी प्राप्त किया। सभी सदस्यों ने एक स्वर से जिला प्रशासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने की सहमति व्यक्त की एवं जिला प्रशासन को आश्वस्त किया गया कि ढाका में दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की नजर हर जगह बनी हुई है। सभी जगह पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पूजा समितियों के द्वारा पूजा पंडाल में बेहतर व्यवस्था कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं हो। पूजा समिति के वॉलिंटियर्स असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे एवं कहीं से कोई अंदेशा हो तो, इसकी सूचना शीघ्र प्रशासन को देंगे ताकि, समय रहते उस पर कार्रवाई की जा सके। पूजा समिति पीए सिस्टम भी रखें, ताकि समय-समय पर जरूरी सूचनाओं का प्रसारण होता रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा गया कि डीजे पूरी तरह से प्रतिबंधित है। सभी जगह सादे लिवास में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो सभी चीजों पर नजर बनाए हुए हैं। अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कहीं से भी अफवाह की सूचना प्राप्त होती है तो, उसको सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर नहीं करें। जबतक की उसकी पुष्टि नहीं हो जाए। इसके लिए साइबर सेल पूरे जिले में सक्रिय है एवं पल-पल की खबरों पर नजर रखी जा रही है।
अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित सभी थाना सक्रिय है। लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर फीडबैक लिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विसर्जन के लिए पूजा समितियां को जो तिथि, समय और रूट निर्धारित किया गया है। उसका निश्चित रूप से अनुपालन किया जाए ताकि दूसरे को कोई परेशानी नहीं हो।

