अमेरिका के ओरेगन में स्कूल में गोलीबारी, तीन बच्चों समेत चार मारे गए

अमेरिका के ओरेगन में स्कूल में गोलीबारी, तीन बच्चों समेत चार मारे गए
Facebook WhatsApp

वाशिंगटन। ओरेगन के बेंड स्थित सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम तीन बच्चों और एक वयस्क की मौत हो गई। बताया गया है कि 16 वर्षीय संदिग्ध को भी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने गोली मार दी।बाद में उसकी मौत हो गई। ओरेगन अमेरिका के पश्चिमी भाग (प्रशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र) का प्रमुख राज्य है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बेंड पुलिस की प्रवक्ता शीला मिलर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कम से कम दो लोगों को सेंट चार्ल्स मेडिकल सेंटर ले जाया गया है। पीड़ितों में बच्चे भी शामिल हैं। मिलर ने कहा कि पीड़ितों की कुल संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। मिलर ने बताया कि स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर 1 बजे से ठीक पहले पुलिस को एक कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक व्यक्ति कार पर गोलीबारी कर रहा है।

पुलिस के बयान के अनुसार, लगभग एक मिनट बाद 911 पर कई कॉल आई, उसमें बताया गया कि वह व्यक्ति स्कूल के अंदर घुस गया है और गोलीबारी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद साफ हुआ कि हमलावर मारा गया है। मिलर ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि संदिग्ध को किसने गोली मारी। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उसे गोली मारी हो। उन्होंने कहा कि स्कूल और पास के चर्च के पास भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। सूत्रों ने बताया कि इस घटना में तीन बच्चों और एक वयस्क की मौत हो गई। हत्यारा भी ढेर कर दिया गया है।

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने बताया कि एजेंसी के स्थानीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि इस घटना के विरोध में शुक्रवार को जिले के सभी स्कूलों में कक्षाएं और खेल गतिविधियां रद्द रहेंगी। बेंड-ला पाइन स्कूल्स के अधीक्षक स्टीवन कुक ने कहा, हम इस त्रासदी से स्तब्ध और गहरे सदमे में हैं। हम पीड़ितों के परिवारों और इस हिंसा से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।बेंड मध्य ओरेगन में स्थित है। यह पोर्टलैंड से लगभग 150 मील दक्षिण-पूर्व में है। ‘के-12 स्कूल शूटिंग डेटाबेस’ के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल अमेरिका के के-12 स्कूलों में गोलीबारी की 235 घटनाएं हुईं। इस साल अब तक कम से कम 149 घटनाएं हो चुकी हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page