बिहार के भोजपुर में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या

बिहार के भोजपुर में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार में भोजपुर जिले के आरा मुख्यालय में गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले एक सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी को अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं।जैन कॉलेज के पास हुई इस वारदात में रिटायर अफसर रामकुमार सिंह की मौत हो गई। अपराधियों ने उन्हें छह से सात गोलियां मारीं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सुबह के वक्त शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे, उसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने रामकुमार सिंह को निशाना बनाया और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक रामकुमार सिंह रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते थे। उनका रूट भी लगभग तय था। बताया जा रहा है कि वे जैन कॉलेज के पास से होते हुए रमना मैदान की तरफ जाते थे।

गुरुवार की सुबह भी वे रोज की तरह घर से निकले थे, लेकिन शायद अपराधियों को उनकी दिनचर्या की जानकारी पहले से थी।जैन कॉलेज के सामने पहुंचते ही बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमले के बाद अपराधी तेजी से मौके से निकल गए। रामकुमार सिंह को कई गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

रामकुमार सिंह कस्टम विभाग से रिटायर हुए थे। नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वे रोटरी क्लब के पूर्व सचिव रह चुके थे और वर्तमान में भी क्लब के सदस्य बताए जा रहे हैं। इसके अलावा उनका जुड़ाव एक क्षत्रिय संगठन से भी बताया जा रहा है। यही वजह है कि हत्या के बाद पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, सामाजिक विवाद या किसी अन्य कारण की भूमिका तो नहीं है।

रिटायर अफसर रामकुमार सिंह की हत्या के पीछे फिलहाल जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, यह अभी प्रारंभिक जानकारी है और पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि रामकुमार सिंह का किन लोगों से जमीन को लेकर विवाद था और हाल के दिनों में उन्हें किसी तरह की धमकी मिली थी या नहीं।

सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आ रही ह। मृतक के पुत्र और पत्नी भी जमीनी विवाद बता रहे हैं। हम लोग कार्रवाई कर रहे है, जो भी अपडेट होगा जल्द साझा किया जायेगा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page