पाकिस्तान के पेशावर में निजी स्कूल की छत गिरने से 29 बच्चों समेत 30 की मौत

पाकिस्तान के पेशावर में निजी स्कूल की छत गिरने से 29 बच्चों समेत 30 की मौत
Facebook WhatsApp

पेशावर। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर के दीर कॉलोनी इलाके में गुरुवार को एक निजी स्कूल की छत गिरने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 29 बच्चे और एक महिला शिक्षिका शामिल हैं।हादसे में कई बच्चे घायल भी हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया जिओ न्यूज और पाकिस्तान के उर्दू टीवी चैनल दुनिया न्यूज

ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि इमारत की ऊपरी मंजिल की छत नीचे की मंजिल पर गिर गई। इससे पहली मंजिल की छत भी ढह गई और कक्षाओं में बैठे बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

बचाव अधिकारियों के अनुसार छत गिरने के बाद कई बच्चे मलबे में फंस गए थे। राहतकर्मियों ने मलबा हटाकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में एंबुलेंस और बचावकर्मी बच्चों को अस्पताल पहुंचाते दिखाई दिए।

लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) प्रशासन ने शुरुआत में चार लोगों की मौत की जानकारी दी थी। बाद में अस्पताल ने बताया कि वहां 28 बच्चों के शव लाए गए हैं। इनमें छह लड़कियां भी शामिल हैं। दो अन्य शवों को नसीरुल्लाह खान बाबर मेमोरियल अस्पताल भेजा गया। हादसे में 20 बच्चे घायल हुए हैं। एक महिला शिक्षिका का शव भी अस्पताल लाया गया। पेशावर के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मलबे में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।

कैपिटल सिटी पुलिस ऑफिसर डॉ. मियां सईद ने बताया कि हादसे के बाद निजी स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्कूल का संचालन एक ट्रस्ट के तहत किया जा रहा था। इसके पूर्व उन्हाेंने बताया था कि छत गिरने की घटना में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों और इमारत की स्थिति को लेकर जांच की जा रही है।

प्रांतीय शिक्षा सचिव इनायतुल्लाह वसीम ने निजी स्कूल नियामक प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक को निर्देश दिया है कि वे घटना पर अगले दिन तक रिपोर्ट सौंपें। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों और शिक्षकों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेशावर में स्कूल की छत गिरने से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी, नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने प्रशासन से बचाव कार्यों में तेजी लाने, मलबे में फंसे लोगों को तत्काल निकालने और लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती घायलों के इलाज के उचित इंतजाम करने का आग्रह किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page