केन्द्रीय मंत्री अमित शाह उज्जैन को देंगे 255 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट की सौगात
03 अक्टूबर को होगा डेयरी प्लांट का डिजिटल भूमि-पूजन
भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता के विस्तार और डेयरी क्षेत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ द्वारा 255 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित किया जा रहा है।केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह 03 अक्टूबर 2026 को भोपाल से इस प्लांट का डिजिटल भूमि-पूजन करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी अरुण शर्मा ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन में स्थापित होने वाला यह अत्याधुनिक डेयरी प्लांट क्षेत्र में दुग्ध प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन और विभिन्न डेयरी उत्पादों के उत्पादन को नई गति देगा। परियोजना की कुल लागत में से 170 करोड़ रुपये राज्य शासन द्वारा अनुदान के रूप में प्रदान किए जाएंगे, जबकि शेष 85 करोड़ रुपये दुग्ध संघ द्वारा ऋण के माध्यम से जुटाए जाएंगे।परियोजना को अगले दो वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्लांट की शुरुआत 3 लाख लीटर प्रतिदिन दूध प्रसंस्करण क्षमता के साथ होगी। भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन तक किया जा सकेगा। इससे उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती दुग्ध उपलब्धता के साथ प्रसंस्करण क्षमता का विस्तार भी संभव होगा।
पैक्ड मिल्क से लेकर घी तक का होगा उत्पादन
प्लांट में आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाओं के साथ विभिन्न प्रकार के डेयरी उत्पादों का उत्पादन किया जाएगा। इसमें 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर प्रतिदिन दही तथा 10 हजार लीटर प्रतिदिन लस्सी/छाछ के उत्पादन की क्षमता होगी। इसके अलावा 10 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का घी प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।मध्य प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास ने कहा, “उज्जैन में आधुनिक डेयरी प्लांट की स्थापना मध्य प्रदेश के डेयरी क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह द्वारा भोपाल से इस परियोजना का डिजिटल भूमि-पूजन किया जाएगा। इस परियोजना से दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध का बेहतर प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन सुनिश्चित होगा तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराने की क्षमता बढ़ेगी।”
उन्होंने कहा, “प्लांट को भविष्य में 5 लाख लीटर प्रतिदिन तक विस्तारित करने का प्रबंध किया गया है। इससे उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन, संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की पूरी श्रृंखला को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।”
प्रबंध संचालक बिस्वास ने कहा कि यह परियोजना आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध के बेहतर उपयोग और मूल्यवर्धन को बढ़ावा देगी। साथ ही क्षेत्र में डेयरी गतिविधियों के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने तथा उपभोक्ताओं तक उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद पहुंचाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित भेल दशहरा मैदान में गौपालक सम्मेलन को करेंगे संबोधित
जनसम्पर्क अधिकारी अरुण शर्मा ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर भोपाल आ रहे हैं। वे शुक्रवार, 02 अक्टूबर की रात भोपाल के राजाभोज विमानतल स्थित स्टेट हैंगर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम के बाद शनिवार, 03 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
केन्द्रीय मंत्री शाह भोपाल बायपास रोड, भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), भोपाल के विस्तारित ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास करेंगे। वे परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की नव निर्मित प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। केन्द्रीय मंत्री शाह 3 अक्टूबर की शाम नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

