नेपाल के पोखरा स्थित फेवाताल में गिरी कार, बिहार के दो युवकों की मौत, दो घायल

नेपाल के पोखरा स्थित फेवाताल में गिरी कार, बिहार के दो युवकों की मौत, दो घायल
Facebook WhatsApp

काठमांडू। नेपाल के पोखरा में शुक्रवार सुबह भारतीय नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर फेवाताल में जा गिरी, जिससे कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, दुर्घटना पोखरा के गैरीचौतारा घुम्ती स्थित सड़क पर हुई। करीब सुबह 4:50 बजे सेदी से लेकसाइड की ओर जा रही कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क से करीब 20 मीटर नीचे फेवाताल में जा गिरी। कार में कुल चार लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही वडा पुलिस कार्यालय बैदाम से पुलिस उपाधीक्षक सूर्यबहादुर बोगटी के नेतृत्व में 15 पुलिसकर्मियों की टीम तथा सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 24 हेडक्वार्टर कालिका गण, कास्की से सहायक पुलिस निरीक्षक शरण खड़का के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

बचाव दल ने बिहार के रक्सौल निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सुरज यादव को जिंदा बाहर निकाला। दोनों को इलाज के लिए गंडकी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। कास्की पुलिस के अनुसार, दोनों बात करने की स्थिति में हैं।

इसके बाद सुबह 5:55 बजे फेवाताल के पानी से दो अन्य लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। उन्हें पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान, पश्चिमांचल क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में भारत के बिहार के ही रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव की पहचान उनके आधार कार्ड के आधार पर हुई है। दूसरे मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

सुबह करीब 6:20 बजे क्रेन की मदद से फेवाताल के पानी से भारतीय नंबर बीआर 05 डीबी 6759 वाली कार को बाहर निकाला गया। कार को वडा पुलिस कार्यालय बैदाम पहुंचाया गया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page