महिला की मौत के 36 घंटे बाद प्रशासन ने अस्पताल को किया सील

Facebook WhatsApp

 

-प्रशासनिक कार्रवाई से निजी क्लिनिक संचालकों में मचा हड़कंप

सुगौली। नगर के स्टेशन रोड स्थित श्वेता इमरजेंसी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई की है। घटना के करीब 36 घंटे बाद प्रशासनिक टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई बीडीओ सह मजिस्ट्रेट नूतन किरण की मौजूदगी में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को उक्त अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी। घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था एवं संचालन को लेकर कई सवाल उठने लगे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

इसी क्रम में एसीएमओ डॉ. एम.ए. असद,थानाध्यक्ष अनिष कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में श्वेता इमरजेंसी हॉस्पिटल को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ भी जुटी रही।

प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल के संचालन से संबंधित आवश्यक कागजात एवं व्यवस्था की जांच की। अस्पताल को सील किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर संचालित निजी संस्थानों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

बताया गया कि महिला की मौत के कारणों और अस्पताल के संचालन से संबंधित अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अधिकारियों ने मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page