हरसिद्धि में सूखा नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 145 ग्राम गांजा के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में सूखा नशा के कारोबार के खिलाफ हरसिद्धि पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गांजा के साथ महिला समेत दो नशा कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से कुल करीब 145 ग्राम मादक पदार्थ (गांजा) बरामद किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई गायघाट गांव के वार्ड नंबर-9 में की। यहां सीमा देवी, उम्र करीब 35 वर्ष, पति बिंदेश्री शाह के घर के अंदर संचालित दुकान में छापेमारी की गयी। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 65 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर मानिकपुर बाजार में की गयी। पुलिस टीम ने मटियारिया पिपरा निवासी देवशरण पंडित, पिता स्व. मनाई पंडित की दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 80 ग्राम मादक पदार्थ (गांजा) बरामद हुआ। पुलिस ने देवशरण पंडित को भी गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। गुप्त सूचना के आधार पर आगे भी छापेमारी की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी अभियान में अपर थानाध्यक्ष कुमार अविनाश कुमार, दरोगा अक्षय कुमार सहित पुलिस बल शामिल था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा की बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

