जख्मी मरीज के हाथ में कार्डबोर्ड बांधकर इलाज पर सिविल सर्जन ने किया जवाब-तलब
संग्रामपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में जख्मी मरीज के उपचार में कथित लापरवाही का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में जख्मी मरीज के टूटे हुए हाथ पर प्लास्टर अथवा चिकित्सकीय सामग्री के बजाय कार्डबोर्ड बांधकर उपचार किए जाने का मामला तूल पकड़ लिया है।
जाहिर है सिविल सर्जन मामले में संवेदनशील नहीं है। अधिकारी एवं प्रभारी चकित्सा पदाधिकारी उनकी एक नहीं सुनते।अलबत्ता उन्होंने बताया कि दोषी कर्मियों के विरुद्ध जवाब- तलब किया गया है।
मामले में जिला स्वास्थ्य समिति, ने संज्ञान लेते हुए सीएचसी संग्रामपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव की ओर से 29 अगस्त को जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।
पत्र के अनुसार, उक्त मरीज का उपचार चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार द्वारा किए जाने की सूचना है। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कई दिनों से कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने की बात भी पत्र में दर्ज की गई है। फलस्वरूप पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर वायरल वीडियो की वास्तविक स्थिति की जांच कर संबंधित पदाधिकारी व कर्मी को चिन्हित करने और उनकी भूमिका स्पष्ट करने का निर्देश दिया है।
साथ ही अनुपस्थिति व कथित लापरवाही के संबंध में रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

