हार के डर से बौखलाए प्रशांत किशोर, चुनाव आयोग और प्रशासन पर लगा रहे बेबुनियाद आरोप : एनडीए

हार के डर से बौखलाए प्रशांत किशोर, चुनाव आयोग और प्रशासन पर लगा रहे बेबुनियाद आरोप : एनडीए
Facebook WhatsApp

पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पटना साहिब के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए पूरी मजबूती और प्रामाणिकता के साथ चुनाव मैदान में है तथा जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से विजयी होंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बांकीपुर के हर मोहल्ले और घर-घर तक भाजपा कार्यकर्ताओं की मजबूत पकड़ है तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित पूरा एनडीए गठबंधन विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जा रहा है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर सीट भाजपा की गौरवशाली परंपरा की सीट है। पांच बार के विधायक रहे नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई है और अब उनकी आवाज संसद में गूंजेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्षी उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर चुनाव से पहले ही हार की आशंका से चुनाव आयोग, धनबल और प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं, जो उन्हें राहुल गांधी की राजनीति की याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों पर लगाए गए आरोप बिहार की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं। भाजपा और एनडीए विकास, सुशासन और जनविश्वास के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं।उन्होंने पटना में अटल पथ, जेपी गंगा पथ, वंदे भारत ट्रेनों, नए एयरपोर्ट, पीएमसीएच के पुनर्निर्माण, फोरलेन सड़कों और अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए ने जो किया है, उसी के आधार पर जनता का आशीर्वाद फिर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि एनडीए की राजनीति सेवा, विकास और जनविश्वास पर आधारित है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम और बेबुनियाद आरोपों की राजनीति कर रहा है। जनता विकास कार्यों को देख रही है और उसी के आधार पर मतदान करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देकर विकास की इस यात्रा को और मजबूत करेगी।

जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार के महत्वपूर्ण समय में कहां थे। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग की महिला प्रत्याशी का राजनीतिक अपमान लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने प्रशांत किशोर पर भाजपा और एनडीए के खिलाफ झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि किसी नेता ने वैसी टिप्पणी नहीं की है, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों पर हमला दलित, अति पिछड़ा और पिछड़ा समाज की महिलाओं के सम्मान पर हमला है।

साथ ही उन्होंने जन सुराज से जुड़े लोगों पर होटल भुगतान सहित अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने वालों को बांकीपुर की जनता जवाब देगी।

भाजपा विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, शिक्षा और मातृशक्ति के सम्मान के आधार पर मतदान करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भ्रम फैलाने और दुष्प्रचार की राजनीति कर रहा है, लेकिन जनता सब समझ रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और विपक्ष की जमानत जब्त होगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार भी उपस्थित रहे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page