सिवान में छात्र प्रदर्शन हुआ हिंसक, एसपी समेत कई घायल
सिवान। सिवान में शनिवार को छात्र आंदोलन ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
गांधी मैदान में चल रहा प्रदर्शन देखते ही देखते बेकाबू हो गया और उग्र छात्रों ने पुलिस पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी।हालात बिगड़ते देख पुलिस को पहले लाठीचार्ज करना पड़ा और फिर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा स्वयं मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस पर दोबारा पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एसपी पूरन कुमार झा भी घायल हो गए। उनके साथ कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए।
लाठीचार्ज के बाद भी प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए। वे गांधी मैदान से निकलकर जेपी चौक पहुंच गए, जहां एक बार फिर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त टकराव हुआ। पूरे इलाके में लगातार ईंट-पत्थर चलने से लोगों में दहशत फैल गई। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं और राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर जान बचाई।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई राउंड गोले छोड़े, लेकिन काफी देर तक पत्थरबाजी जारी रही। हिंसक झड़प में लगभग आधा दर्जन पुलिस जवान और आधा दर्जन प्रदर्शनकारी छात्र घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कई घायलों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर आंशिक नियंत्रण पाया। गांधी मैदान से लेकर जेपी चौक तक भारी संख्या में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई है। पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि हिंसा, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

