रघुनाथपुर के सपही भेला चौक से एक 10 वर्षीय बालक लापता, अनहोनी की आशंका से परिजन चिंतित
मोतिहारी। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र से एक 10 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के मोहब्बत छपरा गांव निवासी रूपेश कुमार साह का पुत्र रवि कुमार कुछ दिनों के लिए अपनी फुआ के घर सपही गांव घूमने आया हुआ था।
बताया जाता है कि 14 जुलाई की सुबह रवि कुमार सपही भेला चौक स्थित अपने मामा के बेटे की मिठाई-नाश्ते की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान वह अचानक वहां से गायब हो गया। काफी देर तक जब वह दुकान पर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आसपास के इलाकों, गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद रवि कुमार के फुआ के पुत्र रत्नेश कुमार साह ने रघुनाथपुर थाने में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दी है और पुलिस से जल्द से जल्द बालक की बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन में बताया गया है कि रवि कुमार बिना बताए कहीं चला गया है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को बालक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
बालक के लापता होने की इस घटना से गांव में सनसनी का माहौल है। परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद में हर संभव प्रयास में जुटे हैं।

