मुख्यमंत्री ने पटना सिटी में गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने पटना सिटी में गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला औषधि भंडार गृह ऎङभसहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं का शुभारंभ किया।साथ ही राज्य के विभिन्न अस्पतालों के लिए कई नई स्वास्थ्य सेवाओं का लोकार्पण भी किया।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पतालों में उपचार की सभी आवश्यक सुविधाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न करना पड़े। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की उपलब्धता सहित सभी स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (आईएमसीयू) बेड तथा चौबीस घंटे सातों दिन आपातकालीन सेवाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।इस अवसर पर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत हब एंड स्पोक व्यवस्था पर आधारित निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के प्रथम चरण का भी शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत 11 हब लैब स्थापित की गई हैं, जहां आधुनिक मशीनों और उन्नत जांच सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी। इनके साथ 221 स्पोक लैब को नमूना संग्रह केंद्र के रूप में जोड़ा गया है। इस व्यवस्था से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सुलभ होंगी और जांच रिपोर्ट भी समय पर उपलब्ध कराई जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्राथमिक परिवार स्वास्थ्य (पीएचएच) राशन कार्ड तथा आयुष्मान भारत कार्डधारियों को डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी, जबकि अन्य मरीजों को यह सेवा रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए दूसरे जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को जिला एवं अनुमंडल स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन और मजबूत स्वास्थ्य ढांचे के माध्यम से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई सुविधाओं से लाखों लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा तथा बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल परिसर में तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी की ओर से स्थापित ‘खंडा साहिब’ का लोकार्पण किया और श्रद्धापूर्वक नमन किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page