बेंगलुरु की टीम ने नई चीनी मिल स्थापना की दिशा में कई गांवों का सर्वेक्षण किया
मोतिहारी। जिले में नई चीनी मिल की स्थापना की संभावनाओं के मद्देनज़र 21 एवं 22 जुलाई 2026 को मे. निरानी शुगर्स लिमिटेड, बेंगलुरु की तकनीकी टीम द्वारा स्थलीय सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण के दौरान मौजा ढेकहां (मोतिहारी) एवं प्रखंड पहाड़पुर क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रस्तावित स्थलों की तकनीकी एवं आधारभूत आवश्यकताओं का आंकलन किया।
इस अवसर पर ईख पदाधिकारी, मोतिहारी, सहायक निदेशक (ईख विकास),अंचल अधिकारी तथा सहायक निदेशक (कीट), सहित विभागीय अधिकारियों ने तकनीकी टीम के साथ संयुक्त रूप से स्थल भ्रमण किया। बताते है कि प्रस्तावित स्थलों की उपलब्ध भूमि, सड़क संपर्क, जल संसाधन, विद्युत सुविधा, क्षेत्र में गन्ना उत्पादन की स्थिति, किसानों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का गहन मूल्यांकन किया।
विभागीय अधिकारियों ने तकनीकी टीम को क्षेत्र की कृषि एवं गन्ना उत्पादन संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई, ताकि परियोजना की व्यवहार्यता का समुचित आंकलन किया जा सके। जाहिर है कि दो दिवसीय सर्वेक्षण पूर्वी चंपारण में नई चीनी मिल की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
प्रस्तावित परियोजना के साकार होने से क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का स्थानीय स्तर पर बेहतर विपणन उपलब्ध होगा, परिवहन लागत में कमी आएगी। रोजगार के नए अवसरों का सृजन होने के साथ-साथ क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

