दो बाइक की आमने सामने जबरदस्त टक्कर, दो युवक गम्भीर
कोटवा।थाना क्षेत्र के डुमरा चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घायलों में राजापुर मठिया गांव निवासी भूषण पासवान के पुत्र अभिनाश कुमार शामिल हैं। वहीं दूसरा घायल डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के बड़हरवां गांव का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, तभी डुमरा चौक के समीप उनका संतुलन बिगड़ गया और जोरदार भिड़ंत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बताया गया है कि दोनों की स्थिति गंभीर है ऐसे में उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा जा रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

