रक्सौल शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारू करने की दिशा में डीएम-एसपी का बड़ा निर्णय
– बाटा चौक से कस्टम चौक तक बैरिकेडिंग का निर्देश
रक्सौल। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर मंगलवार को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल का दौरा कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख जाम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसपी सबसे पहले बाटा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने जाम की स्थिति का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सक्रियता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो को बाटा चौक से कस्टम चौक तक सड़क के बीचोबीच बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों का कहना था कि बैरिकेडिंग से वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर रोक लगेगी और यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया। सड़क पर अतिक्रमण करने वालों और अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया। तत्पश्चात डीएम और एसपी ने रक्सौल हवाई अड्डा का निरीक्षण किया।
उन्होंने सरकार द्वारा अधिग्रहित भूमि का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी लिया। बाद में अधिकारियों ने पंटोका पोस्ट स्थित एसएसबी अधिकारियों के साथ भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया और सीमा सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मौके पर मोतिहारी डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार, सदर एसडीओ अरुण कुमार, रक्सौल एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा, एसडीपीओ मनीष आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

