हथियारबंद बदमाशो ने गृहस्वामी को बंधक बना कर 20 लाख की संपत्ति लूटी

हथियारबंद बदमाशो ने गृहस्वामी को बंधक बना कर 20 लाख की संपत्ति लूटी
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के परतापुर गांव में रविवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया।बदमाशो ने भाजपा कार्यालय से सटे एक मकान में सात से आठ की संख्या में पहुंचे और गृहस्वामी समेत परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति लूट कर फरार हो गये।

पीड़ित गृहस्वामी के अनुसार घटना में करीब छह लाख रुपये नकद तथा लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लूट लिये गये।विरोध करने पर कई लोगो के साथ मारपीट भी की गई। घटना की सूचना मिलने पर सोमवार सुबह पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम तथा खोजी कुत्तों की सहायता से साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार परतापुर गांव निवासी स्व. गणेशचंद्र मिश्रा के पुत्र हीराचंद्र मिश्रा के घर रविवार की रात करीब सात से आठ की संख्या में बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने पहले घर की चारदीवारी पर सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश किया।

घर में घुसते ही बदमाशो ने सबसे पहले घरेलू नौकर बिकाऊ राउत (55 वर्ष) को लोहे की राड से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।

इसके बाद बदमाश सीधे गृहस्वामी के कमरे में पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आलमारी की चाबी मांगी। चाबी नहीं मिलने पर उन्होंने गृहस्वामी की पत्नी शिखा देवी पर भी दबाव बनाया, लेकिन उन्होंने भी चाबी देने से इनकार कर दिया।बदमाश इसके बाद गृहस्वामी की मां सुकांति देवी के कमरे में पहुंचे, जहां उनकी दो पुत्रियां काव्या (07 वर्ष) और किरण (05 वर्ष) सो रही थीं। बदमाशों ने सभी को कमरे में बंद कर दिया ताकि कोई बाहर निकलकर शोर न मचा सके।

इसके बाद उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि कोई तत्काल पुलिस या अन्य लोगों को सूचना नहीं दे सके। बदमाश पूरे आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे छह लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए। गृहस्वामी के अनुसार बदमाश करीब 45 मिनट तक घर में तांडव मचाते रहे और लूटपाट करने के बाद फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल नौकर बिकाऊ राउत को तत्काल स्थानीय चिकित्सक डा. सुधीर गुप्ता के क्लीनिक में भर्ती कराया गया। गृहस्वामी ने आरोप लगाया है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

बाद में सोमवार सुबह स्थानीय थाना को सूचना दी गई। इसके बाद सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार तथा ढाका, चिरैया एवं शिकारगंज थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।घटनास्थल पर एफएसएल (फारेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम तथा डाग स्क्वायड को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है।गृहस्वामी ने पुलिस बताया कि सभी बदमाश हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने हुए थे। कुछ के हाथों में लोहे के राड थे, जबकि एक बदमाश के पास पिस्टल और दूसरे के हाथ में चाबियों का गुच्छा था।

थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी माध्यमों से अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page