भोजपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
भोजपुर। बिहार में भोजपुर जिले के चरपोखरी, गड़हनी और आयर थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की तीन अलग-अलग घटनाओं में एक वार्ड सदस्य समेत तीन लोगों की मौत सोमवार को हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।सभी घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल एवं निजी अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के खराटी गांव की है, जहां कामता सिंह के 33 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार की खेत में धान की रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
दूसरी घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के मंदुरी गांव में हुई। यहां नदी किनारे खेत में रोपनी कर रही वीरेंद्र चौधरी की 18 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना में उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन चांदनी कुमारी और गांव की एक अन्य किशोरी भी घायल हो गई। परिजन दोनों बहनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने नंदनी को मृत घोषित कर दिया।
तीसरी घटना आयर थाना क्षेत्र के असधन गांव की है, जहां वार्ड संख्या 11 के वार्ड सदस्य भिखारी सिंह की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना में गांव के ललन सिंह (50 वर्ष) और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी (40 वर्ष) भी घायल हो गए। दोनों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। इन तीनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है।

