मुख्यमंत्री ने बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना लिंक चैनल का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना लिंक चैनल का किया लोकार्पण
Facebook WhatsApp

अटल जी के सपनों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धरातल पर उतारा गया : सम्राट चौधरी

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड के बेलवा में आयोजित समारोह में बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के तहत बेलवा (शिवहर)-मीनापुर (मुजफ्फरपुर) लिंक चैनल (बेलवाधार) का लोकार्पण किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से नदी जोड़ परियोजनाओं की परिकल्पना की गई थी और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में इन महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इससे राज्य में समेकित जल संसाधन प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इसके संचालन से बाढ़ के दौरान अतिरिक्त जल का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, जिससे बाढ़ की तीव्रता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि लगभग 68.80 किलोमीटर लंबी इस लिंक चैनल परियोजना का निर्माण 130.88 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह परियोजना बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे क्षेत्र के लाखों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

सम्राट चौधरी ने कहा कि इस परियोजना से सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में इजाफा होगा। साथ ही मत्स्य पालन सहित कृषि आधारित अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना भू-जल पुनर्भरण, हरित आवरण के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार जल संसाधनों के वैज्ञानिक और समग्र प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण तथा किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। नदी जोड़ परियोजनाएं विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं और राज्य के सतत विकास का मजबूत आधार बनेंगी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिवहर जिले के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन तथा 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर जीविका, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग तथा बिहार पुलिस की अभया ब्रिगेड और साइबर क्राइम इकाई द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page