मोहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक

मोहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक
Facebook WhatsApp

-जोखिम भरा करतब सहित डीजे प्रतिबंधित 

सुगौली। इस वर्ष मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सुगौली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल पुलिस निरीक्षक संजीव मौवार एवं थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, लाइसेंसधारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय लोगों ने भाग लिया और पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

वहीं प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे, धारदार हथियार, मुंह से पेट्रोल जलाने जैसे खतरनाक करतबों एवं अन्य जोखिमपूर्ण प्रदर्शनों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी विशेष निगरानी रखेगा।

थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि सभी लाइसेंसधारियों को अपने निर्धारित समय एवं तय मार्ग का पालन करते हुए ही जुलूस निकालना होगा। जुलूस की अनुमति प्राप्त करने के लिए आवेदन पत्र के साथ दस जिम्मेदार व्यक्तियों के आधार कार्ड की प्रतियां थाना में जमा करनी होंगी। इसके बाद प्रशासन द्वारा आवश्यक अनुमति प्रदान की जाएगी।

बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थलों एवं मेला क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेगा।

बैठक में राजस्व पदाधिकारी राधेश्याम प्रसाद, विकास शर्मा, नईम खान, नूरुल होदा कुरैशी, अशोक कुमार गुप्ता, मो. शाबीर, मैनेजर सहनी, पवन चौरसिया, शंभू साह, मुन्ना साह, मो. ऐनूल, शिवराम, बिट्टू कुमार, मोहसिन कमाल, हारून कुरैशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page