तीन थानाध्यक्षों को नम आंखों से अंतिम विदाई, पुलिस लाइन में उमड़ा जनसैलाब

तीन थानाध्यक्षों को नम आंखों से अंतिम विदाई, पुलिस लाइन में उमड़ा जनसैलाब
Facebook WhatsApp

मधेपुरा। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों को शुक्रवार को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।जैसे ही तीनों पुलिस अधिकारियों के पार्थिव शरीर पुलिस लाइन पहुंचे, पूरा माहौल गमगीन हो उठा। पुलिस पदाधिकारी, जवान, प्रशासनिक अधिकारी और परिजन अपने आंसू नहीं रोक सके।

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मौत हो गई थी। हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई थी। सभी पुलिस पदाधिकारी पटना से प्रशिक्षण प्राप्त कर मधेपुरा लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।

पोस्टमार्टम के बाद तीनों अधिकारियों के पार्थिव शरीर को मधेपुरा पुलिस लाइन लाया गया, जहां कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह, डीएसपी प्रवेंद्र भारती, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा, प्रशिक्षु डीएसपी नुरुल हक, डीएसपी मुख्यालय सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों ने भी अपने दिवंगत अधिकारियों को नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान पूरे परिसर में शोक और संवेदना का माहौल व्याप्त रहा।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद तीनों दिवंगत पुलिस अधिकारियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया गया। इस दौरान मौजूद परिजनों की आंखें नम थीं। माता-पिता, भाई और अन्य स्वजन बार-बार भावुक होकर बदहवास हो जा रहे थे। अधिकारियों ने उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

इस अवसर पर डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह केवल तीन पुलिस अधिकारियों का नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार का अपूरणीय नुकसान है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा पुलिस महकमा दिवंगत अधिकारियों के परिवारों के साथ खड़ा है।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हादसे में जान गंवाने वाले रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन के निवासी तथा वर्ष 2018 बैच के अधिकारी थे। अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत आजमपुर गोला के निवासी एवं वर्ष 2009 बैच के अधिकारी थे। बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार कैमूर जिले के निवासी तथा वर्ष 2018 बैच के पुलिस पदाधिकारी थे। वही चालक उदाकिशुनगंज के रहने वाले थे।

तीनों अधिकारियों के असामयिक निधन से मधेपुरा जिला पुलिस बल में शोक की लहर है। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने अपने साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित व्यक्तित्व को याद किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page