वायरल वीडियो के आधार पर देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
सुगौली। स्थानीय थाना क्षेत्र में हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान नरेश कुमार पिता- जयनाथ सहनी,निवासी ग्राम माली, थाना सुगौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें युवक हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान नरेश कुमार के रूप में हुई। थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
बरामद हथियार को जब्त कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेते हुए गहनता से पूछताछ की। थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस मामले में आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

