दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, कई लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी
बनकटवा। जितना थाना क्षेत्र के बरहरवा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद में हिंसक झड़प में कई घायल हो गये।पीड़ित जीराम राम ने आरोप लगाया है कि वह 7 जून 2026 की सुबह अपने दरवाजे पर बैठे थे, तभी पड़ोसी राजकुमार राम गाली देने लगा। नतीजतन विरोध करने पर मामला हिंसक हो गया। बताते हैं कि राजकुमार राम, सन्नी कुमार, उतिचन राम, चंदा देवी, मीरा देवी समेत अन्य लोग लाठी-डंडा और चाकू लेकर पहुंचे। आरोप है कि राजकुमार राम ने चाकू से हमला कर दोनों हाथों तथा बांह में जख्मी कर दिया, जबकि सन्नी कुमार ने लाठी से पीठ पर वार किया।
घटना की सूचना पर पहुंचे पीड़ित के पिता गोपीचंद्र राम बचाने पहुंचे। लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें चोटिल कर दिया। पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान मीरा देवी ने पीड़ित के पिता की जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए।
वहीं एक महिला के गले से सोने की चेन छीन लिया। आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान परिवार की महिलाओं को घर से खींचकर बाहर लाया गया तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। एक महिला की साड़ी फाड़ने और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। जितना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांचोपरांत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

