मोदी और नेहरू की तुलना नहीं, यह केवल रिकॉर्ड का विषयः देवेंद्र फडणवीस

मोदी और नेहरू की तुलना नहीं, यह केवल रिकॉर्ड का विषयः देवेंद्र फडणवीस
Facebook WhatsApp

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच किसी प्रकार की तुलना या प्रतिस्पर्धा नहीं है।यह केवल सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के रिकॉर्ड से जुड़ा विषय है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 27वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर मुंबई स्थित वाय. बी. चव्हाण सेंटर में आयोजित समारोह में वरिष्ठ नेता शरद पवार ने कहा था कि नेहरू और मोदी की तुलना नहीं की जा सकती। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि, “देश के निर्वाचित प्रधानमंत्रियों में नेहरूजी के नाम 4,398 दिनों तक पद पर रहने का रिकॉर्ड था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब 4,399 दिन पूरे कर चुके हैं और आगे भी इस पद पर बने रहेंगे। इसके अलावा किसी प्रकार की तुलना का प्रश्न ही नहीं उठता।”

उन्होंने कहा कि “नेहरू ने अपने समय में जो कार्य किए, उसे देश जानता है और मोदी ने पिछले एक दशक में जो कार्य किए हैं, वे भी सबके सामने हैं। नए भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए किसी तुलना की आवश्यकता नहीं है।”

शरद पवार के बयान पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पूरा भाषण नहीं सुना है इसलिए उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि सिख समुदाय पर कांग्रेस शासनकाल में हुए अत्याचारों की निंदा उनकी पार्टी हमेशा करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार ने हमेशा प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “2015 के सूखे के दौरान महाराष्ट्र को विशेष सहायता दी गई। विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र की कई सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने में केंद्र सरकार ने सहयोग दिया। मोदी एक संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित नेता हैं।”

कांग्रेस की बैठकों और राहुल गांधी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा, “पिछले दस वर्षों से यह दावा किया जाता रहा है कि मोदी सरकार एक वर्ष में चली जाएगी लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी लगातार नए रिकॉर्ड और राजनीतिक सफलताएं हासिल कर रहे हैं। ऐसे दावों को गंभीरता से लेने का कोई कारण नहीं है।”

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page