लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपने आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को लौटाया

लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपने आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को लौटाया
Facebook WhatsApp

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तथा उनकी पत्नी और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने अपने सरकारी आवास पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस लौटा दिया है।जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने सुरक्षा में लगे जवानों को आवास छोड़ने का निर्देश दिया, जिसके बाद सभी सुरक्षाकर्मी वहां से हट गए। इस घटनाक्रम के बाद लालू यादव के सरकारी आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो गई और परिसर में सन्नाटा छा गया। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी इस पूरे मामले की आज पुष्टि की है।

सुरक्षा में कटौती के फैसले के विरोध में उठाए गए इस कदम के बाद आवास पर तैनात जवान अपने-अपने बैरक लौट गए। मुख्य प्रवेश द्वार से भी सुरक्षा व्यवस्था हटा ली गई। आमतौर पर जहां आवास के बाहर सुरक्षा कर्मियों की गतिविधियां दिखाई देती थीं, वहां अब कोई सुरक्षा दस्ता मौजूद नहीं है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही राज्य सरकार ने कई वीआईपी व्यक्तियों की सुरक्षा का पुनर्मूल्यांकन किया था। इसी समीक्षा के आधार पर लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव को पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते निर्धारित सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें हाउस गार्ड, अंगरक्षक, पायलट वाहन, एस्कॉर्ट और बुलेटप्रूफ वाहन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। राबड़ी देवी को भी सुरक्षा कर्मियों, महिला और पुरुष अंगरक्षकों, पायलट तथा एस्कॉर्ट वाहन के साथ बुलेटप्रूफ कार की सुविधा जारी रहेगी। हालांकि पहले की तुलना में सुरक्षा बलों की संख्या कम कर दी गई है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page