सिसवा गांव में एक युवक की संदेहास्पद मौत, पुलिस पत्नी से कर रही पूछताछ 

सिसवा गांव में एक युवक की संदेहास्पद मौत, पुलिस पत्नी से कर रही पूछताछ 
Facebook WhatsApp

रक्सौल। थाना क्षेत्र के सिसवा गांव में एक युवक की संदेहास्पद मौत हो गई है। मृतक की पहचान सिसवा गांव निवासी स्व. भूलन पटेल के पुत्र अरविंद पटेल (25 वर्ष) के रूप में की गई है। परिवार वालों का आरोप है कि उसे उसकी ही पत्नी और ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

घटना के संबंध में मृतक के एक करीबी रिश्तेदार ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब सवा 10 बजे रक्सौल बाइपास स्थित सुगौली ढाला के पास मैं पहुंचा तो वहां एंबुलेंस में मृतक अरविंद को रखकर उसके ससुराल के लोग कहीं जा रहे थे, उस वक्त उसकी सांस नहीं चल रही थी।  इसकी खबर अपने गांव के लोगों को दी और रक्सौल ढ़ाला से एंबुलेंस को वापस सिसवा लाया गया। मृतक को उससे ससुराल भेलवा सिरिसया से उसके ससुराल वाले उसकी मौत को हादसा बताने की नियत से अस्पताल लेकर जा रहे थे।

इस दौरान बताया गया कि मृतक पांच दिन पहले पश्चिमी चंपारण के सिकटा थानाक्षेत्र स्थित अपने ससुराल भेलवा सिरिसिया गांव गया था। वहां उसकी पत्नी समतोलिया देवी के द्वारा उसे जहर देकर मार दिया गया है। इधर, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची रक्सौल थाना की पुलिस के द्वारा मृतक की पत्नी, सास-ससुर और उसके साले को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।

मृतक की मां दुखनी देवी ने बताया कि उनका बेटा बाहर प्रदेश में पेंट का काम करता है। कुछ दिन पहले ही बाहर से घर आया था। पांच दिन पहले वह अपने ससुराल गया था। जहां उसकी पत्नी ने जहर देकर उसकी हत्या कर दी है।

फिलहाल, पुलिस मृतक की पत्नी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है। अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि मृतक के शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। एफएसएल की टीम को बुलाकर आवश्यक सैंपल एकत्र करा लिया गया है। पीड़ित पक्ष के द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page