ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच सीबीआई के जिम्मे,रिटायर्ड जज सास को हाई कोर्ट का नोटिस

ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच सीबीआई के जिम्मे,रिटायर्ड जज सास को हाई कोर्ट का नोटिस
Facebook WhatsApp

भोपाल/जबलपुर। अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब बेहद तेजी से कानूनी और प्रशासनिक मोर्चे पर आगे बढ़ रहा है। सोमवार को इस मामले में तीन बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं।मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने आरोपित सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है। वहीं, मामले की कमान संभालते ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हो चुकी है।

जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने सोमवार को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और राज्य सरकार की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। दरअसल, सरकार और पीड़ित परिवार ने ट्रायल कोर्ट (निचली अदालत) द्वारा गिरिबाला सिंह को दी गई अग्रिम जमानत का कड़ा विरोध करते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश हुए महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कोर्ट में साफ कहा कि आरोपित गिरिबाला सिंह पुलिस जांच में बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रही हैं। उन्हें कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुईं। दूसरी तरफ, गिरिबाला सिंह के वरिष्ठ वकील मृगेंद्र सिंह ने सरकारी दावों को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें अभी तक याचिका से जुड़े जरूरी दस्तावेज ही प्राप्त नहीं हुए हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए थोड़ा समय दिया जाए।

मृतका के पिता के वकील पीयूष सिंह ने बताया कि अदालत ने पूर्व जज को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर यानि 27 मई तक अपना जवाब पेश करने का आदेश दिया है।

इधर, भोपाल की जिला अदालत में भी सोमवार को गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत निरस्त करने के मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन पुलिस द्वारा केस से जुड़ा प्रतिवेदन समय पर पेश न किए जाने के कारण कोर्ट ने सुनवाई को मंगलवार तक के लिए टाल दिया है। अदालत ने स्थानीय पुलिस को कल अनिवार्य रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अनुशंसा के बाद इस केस की जांच अब आधिकारिक तौर पर सीबीआई के हाथों में आ गई है। सीबीआई की एक विशेष टीम सोमवार को दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हो चुकी है। यह टीम आज शाम तक भोपाल पहुंचकर कटारा हिल्स थाना पुलिस से केस डायरी और अब तक की जांच का प्रभार अपने हाथों में लेगी।

वहीं, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि 7 दिन की रिमांड पर चल रहे समर्थ सिंह से पुलिस लगातार कड़ाई से पूछताछ कर रही है। वह जो भी बयान दे रहा है, उसका तकनीकी और जमीनी साक्ष्यों के साथ क्रॉस वेरिफिकेशन किया जा रहा है। पुलिस समर्थ के बैंक डिटेल्स, कॉल रिकॉर्ड्स और उसकी फरारी के दौरान रहने-खाने व छिपने में मदद करने वाले मददगारों की सूची तैयार कर रही है।

कमिश्नर ने यह भी बताया कि पुलिस टीम ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर जाकर भी उनसे पूछताछ की है। शुरुआती फॉरेंसिक जांच में घर के सीसीटीवी फुटेज से किसी भी तरह की छेड़छाड़ की बात सामने नहीं आई है। जैसे ही शासन या सीबीआई से लिखित निर्देश मिलेंगे, केस डायरी केंद्रीय एजेंसी को सौंप दी जाएगी।

गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा बीती 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ससुराल पक्ष इसे मानसिक तनाव के कारण की गई आत्महत्या बता रहा है, जबकि ट्विशा के मायके पक्ष का आरोप है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और उसे सुसाइड का रूप देने की कोशिश की जा रही है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page