वीडी सतीशन ने केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
तिरुवनंतपुरम (केरलम)। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने आज यहां सेंट्रल स्टेडियम में केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वह राज्य की कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार की कमान संभालेंगे।
उन्हें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शपथ दिलाई। सतीशन के साथ मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी शपथ ली। मंत्रिपरिषद में कांग्रेस के 11, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पांच और यूडीएफ के अन्य गठबंधन सहयोगियों को शामिल किया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस नेता शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद में कांग्रेस के रमेश चेन्निथला, सन्नी जोसेफ, के. मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाथ, टी सिद्दीकी, बिंदु कृष्णा, केए तुलसी, रोजी एम जॉन, एम लिजू और ओजे जनीश को जगह दी गई है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पीके कुन्हालीकुट्टी, एन शमसुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर ने मंत्री पद की शपथ ली।
अन्य गठबंधन सहयोगियों में से केरल कांग्रेस (जोसेफ) के मॉन्स जोसेफ, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) के अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी के सीपी जॉन को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।यूडीएफ ने केरलम में 2026 का विधानसभा चुनाव स्पष्ट जनादेश 102 सीट के साथ जीता है।

