आदापुर में किराना व्यवसायी से लूट और गोलीकांड का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार
रक्सौल। आदापुर थाना क्षेत्र में 22 अप्रैल को किराना व्यवसायी विजय कुमार गुप्ता को गोली मारकर करीब 1 लाख 70 हजार रुपये लूट मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है।
मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किए गए है। इनके पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए डीएसपी रक्सौल मनीष आनंद ने बताया कि घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया था। टीम को अपराधियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे का जिम्मा सौंपा गया था।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि हरपुर थाना क्षेत्र के कचुरवारी गांव में एक भवन के पास चार अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। नतीजतन सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान मौके से नूर इस्लाम उर्फ शिबू, सज्जाद, समीर और अनवर को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान इनके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि इन्हीं लोगों ने कुछ दिन पूर्व किराना व्यवसायी विजय कुमार गुप्ता से लूटपाट की थी। विरोध करने पर उनके पैर में गोली मार दी थी। घटना के बाद से व्यापारी वर्ग में भय का माहौल था।
एसडीपीओ ने बताया कि नूर इस्लाम के मोबाइल फोन से इलाके के व्यापारियों को कॉल कर रंगदारी की मांग भी की जा रही थी। ये सभी अपराधी क्षेत्र में दहशत फैलाकर व्यवसायियों से अवैध वसूली करना चाहते थे। अलबत्ता पुलिस की कार्रवाई से इनके मंसूबों पर पानी फिर गया। गिरफ्तार अपराधियों में कुछ का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपितों के विरुद्ध एक और रंगदारी का मामला दर्ज किया जा रहा है।
साथ ही इनके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने व्यवसायियों सहित आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई अपराधी फोन या अन्य माध्यम से रंगदारी मांगे तो तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सके। छापेमारी अभियान में सर्किल इंस्पेक्टर रमेश महतो, आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी, हरपुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

