केदारनाथ धाम में आस्था का सैलाब, चार दिनों में 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

केदारनाथ धाम में आस्था का सैलाब, चार दिनों में 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
Facebook WhatsApp

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में इस वर्ष यात्रा की शुरुआत के साथ ही अभूतपूर्व श्रद्धालु संख्या दर्ज की जा रही है। मात्र चार दिनों में ही 1,24,782 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो देशभर में धार्मिक आस्था के बढ़ते रुझान को दर्शाता है।बाबा केदार के 22 अप्रैल से कपाट खुले हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 24 अप्रैल सायं 5 बजे से 25 अप्रैल सायं 5 बजे तक 31,160 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें 21,035 पुरुष, 9,993 महिलाएं और 132 बच्चे शामिल हैं। कपाट खुलने के बाद मात्र चार दिनों के भीतर ही रिकॉर्ड 1,24,782 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। यह आंकड़ा न केवल श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शाता है, बल्कि यात्रा व्यवस्थाओं की मजबूती और सुव्यवस्थित संचालन को भी प्रमाणित करता है।

जिला प्रशासन ने यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। हेलिपैड, ट्रैक मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस व प्रशासनिक बल तैनात किया गया है। पूरी यात्रा की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले 4 दिनों से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह व्यवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी टीमें मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। साथ ही, श्री भैरवनाथ जी के कपाट खुलने के साथ ही आज से केदारनाथ धाम में सांयकालीन आरती का शुभारंभ भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।

केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि केदारनाथ के कपाट खुले हुए आज चौथा दिन है और आज भगवान भैरवनाथ जी के कपाट भी खुल गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में केदारनाथ धाम में व्यवस्थाएं बिल्कुल ठीक हैं। प्रत्येक श्रद्धालु को दर्शन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कुछ अराजक तत्व द्वारा धाम को बदनाम किया जाना बेहद निंदनीय है।

केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने कहा कि बीकेटीसी एवं जिला प्रशासन के नेतृत्व में अब तक एक लाख से अधिक लोगों ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। उन्होंने कहा सोशल मीडिया के माध्यम से कई लोग असत्य और भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर केदारनाथ धाम आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन, सब मिलकर दिन रात व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। केदारनाथ में किसी तरह की अव्यवस्थाएं नहीं है। मंदिर में दर्शन के लिए यात्रियों के लिए टोकन व्यवस्था की गई है। जिससे जल्दी दर्शन हो रहे हैं।

केदार सभा के सदस्य संजय तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं का केदारनाथ में स्वागत करते हुए कहा कि अब बाबा भैरवनाथ के कपाट भी खुल गए हैं। उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन, केदार सभा एवं स्थानीय लोगों द्वारा केदारनाथ आने वाले यात्रियों के ठहरने, दर्शन और खाने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में केदारनाथ धाम के बारे में चल रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई है। जिला प्रशासन, बदरी केदार मंदिर समिति एवं केदार सभा आदि द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page