गंगा में डूबने से एक ही परिवार के 3 की मौत,मुख्यमंत्री ने की मुआवजे का एलान
भागलपुर। जिले के नवगछिया अनुमंडल में गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन लोगो की डूबने से मौत हो गई।घटना रंगरा प्रखंड के झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट पर हुई।हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सभी लोग नहाने के लिए गंगा में उतरे थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हो गया।
घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश देते कहा है कि मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान दिया जाए। सरकार ने स्थानीय प्रशासन को भी इस मामले में जरूरी कदम उठाने को कहा है।
साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।इस हादसे के बाद एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से ऐसे हादसे होते हैं।

