राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला सत्र न्यायाधीश ने प्रचार रथों को दिखाई हरी झंडी
मोतिहारी। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 09 मई के सफल आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में दस से अधिक प्रचार रथों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नितिन त्रिपाठी, एडीजे रेशमा वर्मा, एडीजे-1 सुरेंद्र प्रसाद, श्री राहुल रंजन, गरीमा रानी, नसीम नज़र अवर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथों को रवाना किया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय सुलभता का सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा विभिन्न प्रकार के वादों का त्वरित, सुलहपूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन संभव है। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नितिन त्रिपाठी ने बताया कि प्रचार रथों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता फैलाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक वादों का निष्पादन हो सके तथा आमजन को सुलभ न्याय प्राप्त हो।यह प्रचार अभियान राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे अधिकाधिक पक्षकारों को लाभान्वित किया जा सकेगा।

