तुरकौलिया में देशी चुलाई शराब के साथ महिला सहित चार तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी। तुरकौलिया में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टिकुलिया गांव के पास छापेमारी कर एक महिला समेत चार तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिजुलपुर जिरात के छोटेलाल महतो, बबलू कुमार, रमेश कुमार और राजेश महतो की पत्नी मुन्नी देवी शामिल हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कौवाहां पुल से टिकुलिया जाने वाली सड़क पर दो बाइक से चार लोग शराब की खेप लेकर जा रहे हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को पकड़ लिया।
जांच के दौरान प्लेटिना बाइक की डिक्की से 8 लीटर और हीरो बाइक पर सवार मुन्नी देवी के पीठ पर लदे बैग से 12 लीटर शराब बरामद किया गया। कुल 20 लीटर शराब जब्त की गई है। थानाध्यक्ष संपत कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही दोनों जब्त बाइक का भी सत्यापन किया जा रहा है।

