मानव तस्करी का प्रयास विफल,नाबालिग लड़की का किया गया रेस्क्यू
रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट सशस्त्र सीमा बल 47वीं वाहिनी ने स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से मानव तस्करी की कोशिश विफल कर दी है। टीम ने दिल्ली-काठमांडू को जोड़ने वाले मुख्य पथ के समीप एक नाबालिग लड़की के साथ नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर जांच की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पूर्वी चंपारण जिले हरसिद्धि निवासी साहिल अंसारी बताया। नाबालिग लड़की भी उसी क्षेत्र की रहने वाली है। युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और टीम को गुमराह करने लगा। संदेह होने पर लड़की को सुरक्षा में लेकर काउंसलिंग कराई गई।
महिला कर्मियों एवं प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, स्वच्छ रक्सौल संस्था तथा जन जागरण संस्था के सहयोग से हुई काउंसलिंग में नाबालिग ने खुलासा किया कि युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और घर से भगाकर नेपाल ले गया। वहां किराये के मकान में रखने के बाद उसे अहमदाबाद ले जाने की योजना थी।
पीड़िता के स्वजनों ने हरसिद्धि थाना में 20 अप्रैल को कांड संख्या 222/26 दर्ज कराई है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए लड़की का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया और आरोपी समेत दोनों को अग्रतर कार्रवाई के लिए हरैया थाना को सौंप दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में एसएसबी के खेमराज, हवलदार अरविंद द्विवेदी, सिपाही इरफान हुसैन, नीतू कुमारी, कमल कुमारी, प्रयास संस्था की जिला समन्वयक आरती कुमारी एवं राजगुप्त, स्वच्छ रक्सौल से रंजीत सिंह व सबरा खातून तथा जन जागरण से डॉ. राज कुमार पांडेय सहित अन्य ने अहम भूमिका निभाई।

