बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत 3 मई से निकलेगे बिहार यात्रा पर,चंपारण से करेगे शुरूआत

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत 3 मई से निकलेगे बिहार यात्रा पर,चंपारण से करेगे शुरूआत
Facebook WhatsApp

पटना। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र जदयू नेता निशांत कुमार बिहार में आगामी 3 मई को अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वह अपने पिता नीतीश कुमार की तरह पश्चिम चंपारण से ही बिहार यात्रा का आगाज करेंगे।जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश भी अक्सर चंपारण से ही अपनी सियासी यात्राओं की शुरुआत करते रहे हैं। आगामी यात्रा में नीतीश के बेटे निशांत बिहार के सभी 38 जिलों का दौरा करेंगे। पिछले महीने राजनीति में कदम रखने के तुरंत बाद ही उन्होंने यात्रा निकालने का फैसला कर लिया था।

जदयू नेता निशांत कुमार ने मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी बिहार यात्रा 3 मई से शुरू होने की संभावना है। पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता इसकी तैयारी में जुटे हैं। हालांकि, निशांत की पहली सियासी यात्रा का पूरा कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, जदयू के नेता एवं कार्यकर्ता, सब लोग मिलकर तय करके बताएंगे।

निशांत की पहली बिहार यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से होने वाली है। चंपारण को राष्ट्रपति महात्मा गांधी की कर्मभूमि है। जहां उन्होने अंग्रेजों द्वारा किसानों पर किए जा रहे शोषण के खिलाफ सत्याग्रह किया था।

नीतीश कुमार लगभग दो दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई यात्राएं निकालीं। अधिकतर यात्राओं की शुरुआत वह चंपारण से ही करते रहे हैं। नीतीश कुमार बापू के सिद्धांतों और आदर्शों का अक्सर हवाला देते रहे हैं। अब उनके बेटे निशांत कुमार भी अपने पिता की तर्ज पर चंपारण से ही यात्रा का आगाज करने जा रहे हैं।

नीतीश के बेटे पिछले महीने तक सक्रिय राजनीति से दूर थे। जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने जब बिहार का मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने का फैसला लिया, तब निशांत की पॉलिटिक्स में एंट्री हुई। नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली और 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

वहीं, निशांत कुमार की मार्च महीने में पॉलिटिकल एंट्री हो गई। 8 मार्च को जदयू की सदस्यता लेने के बाद से ही निशांत पार्टी में पूरी तरह से सक्रिय हो गए। वह लगातार जदयू के वरीय नेताओं, प्रवक्ताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के क्रियाकलाप को समझने का प्रयास कर रहे हैं। अब बिहार के सभी जिलों का दौरा कर वह जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास करेंगे।

नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी के नेतृत्व में गठित नई सरकार में निशांत के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा थी। हालांकि, निशांत इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद नई सरकार में जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया। पिछले दिनों जब निशांत से पत्रकारों ने डिप्टी सीएम नहीं बनने के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि वह अभी संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page