यौन शोषण के आरोपित को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, दारोगा निलंबित,22 गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। जिले के पताही थाना क्षेत्र के बेतौना गांव में यौन शोषण के एक आरोपित की चोरी-छुपे शादी की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची मधुबन थाना पुलिस टीम पर हमला का मामला सामने आया है।दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी युवक विकास महतो अपने मामा के घर में शादी कर रहा है और बरात की तैयारी चल रही है।
सूचना के आलोक में जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, ग्रामीण और आरोपित के परिजन उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इस हमले में मधुबन थाना की दारोगा नेहा वर्षा और दो चौकीदार घायल हो गए। जिसकी सूचना पर मौके पर पहुंची अन्य थानों की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें 14 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं।

इधर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने एसओपी के पालन नही करने पर अनुसंधानकर्ता दारोगा नेहा वर्षा को निलंबित कर दिया है।बताया गया है,कि छापेमारी के दौरान दारोगा नेहा वर्षा ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन नहीं किया गया। नेहा ने बिना स्थानीय थाना को बिना सूचना दिए मात्र दो चौकीदारों के साथ दूसरे थाना क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंच गई।लिहाजा पुलिस पर हमला जैसी शर्मनाक घटना धटित हुई और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हमला कर दिया गया।
एसपी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से न सिर्फ पुलिसकर्मियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि विभाग की छवि भी धूमिल होती है। एसओपी का पालन करना सभी पुलिसकर्मियों के लिए अनिवार्य है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

