सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नं.13 गण बीरगंज में 19 वां स्थापना दिवस भव्य रूप से संपन्न
-सशस्त्र प्रहरी बल केवल सुरक्षा निकाय नहीं, बल्कि राष्ट्र का एक मजबूत संस्थान : कृष्ण ढकाल
रक्सौल। बीरगंज सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नं. 13 गण मुख्यालय, बीरगंज में 19 वां स्थापना दिवस तथा वार्षिक उत्सव विशेष समारोह के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। आकर्षक सजे मंच, फूलों की मालाओं से सुसज्जित वातावरण और सुरक्षाकर्मियों की उल्लेखनीय उपस्थिति के बीच कार्यक्रम गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सशस्त्र प्रहरी बल मधेश प्रदेश प्रमुख कृष्ण ढकाल थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गणपति मोहन बहादुर क्षेत्री ने की। कार्यक्रम में प्रमुख जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक सुदीप पाठक सहित विभिन्न सुरक्षा निकायों के प्रतिनिधि, विशिष्ट व्यक्तित्व एवं आमंत्रित अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री ढकाल ने कहा कि सशस्त्र प्रहरी बल स्थापना काल से ही राष्ट्र की सुरक्षा, सीमा प्रबंधन तथा आपदा राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहा है। उन्होंने कहा,सशस्त्र प्रहरी बल केवल एक सुरक्षा निकाय ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भरोसे का एक मजबूत संस्थान है।
सीमा की रक्षा, शांति एवं सुरक्षा कायम रखने और आपदा प्रबंधन में इस संस्था का योगदान अत्यंत सराहनीय है। आने वाले दिनों में और अधिक अनुशासित, जिम्मेदार तथा तकनीक-मैत्रीपूर्ण ढंग से कार्य करने की आवश्यकता है। ढकाल ने सुरक्षाकर्मियों के समर्पण, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को संस्था की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए संगठन के भीतर व्यवसायिकता और नैतिकता के उच्च मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया।
समारोह के दौरान सशस्त्र प्रहरी बल के इतिहास, उपलब्धियों और वर्तमान भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया । उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुरक्षाकर्मियों को सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किए गए और उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम को और आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, अनुशासित परेड प्रदर्शन तथा विभिन्न मनोरंजनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में सहभागी सभी व्यक्तियों ने संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लेते हुए भविष्य में और अधिक प्रभावी सेवा प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

