जनगणना-2027 के प्रथम चरण स्व गणना की सफलता को लेकर अधिकारियों को डीएम का निर्देश
जनगणना-2027 के प्रथम चरण स्व गणना की सफलता को लेकर अधिकारियों को डीएम का निर्देश
– सभी पदाधिकारी एवं कर्मी करेंगे स्व गणना
– डीपीएम को टास्क: जीविका दीदी का स्वगणना कार्य पूर्ण कराएं
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में जनगणना- 2027 के प्रथम चरण के कार्यों की समीक्षा की गई, तत्पश्चात् सभी पदाधिकारी एवं कर्मीगण को निर्देश दिया कि एक से दो दिनों में सभी पदाधिकारी जनगणना संबंधी स्व गणना के कार्य को पूर्ण करें एवं इससे संबंधित साक्ष्य स्वरूप फोटो जिला प्रशासन ग्रुप पर अपलोड करें। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपना स्व गणना का कार्य पूर्ण कर लिया है। उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं अन्य वरीय पदाधिकारी गण के द्वारा भी स्व गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जिला स्तरीय पदाधिकारी भी अपना एवं अधीनस्थ कर्मियों का स्व गणना शीघ्र पूर्ण कर लें। डीपीएम जीविका को निर्देश दिया गया कि जिले में जीविका दीदी से उनका स्व गणना का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराएं। स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास, पंचायती राज विभाग एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे भी अधीनस्थ सभी कर्मियों का स्व गणना कराना सुनिश्चित करें एवं इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड स्तर पर पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों की बैठक कर उनके माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों से स्व गणना कराने के लिए अनुरोध करें। नगर आयुक्त नगर निगम सभी नगर पंचायत/ परिषदों के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वार्ड पार्षद एवं निगम कर्मियों की बैठक कर स्व गणना संबंधी कार्य को पूर्ण कराए। जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य में स्वगणना का कार्य विगत 17 अप्रैल से प्रारंभ हो चुका है और यह 01 मई 2026 तक चलेगा। डीएम ने
जिलावासियों से अपील की है कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

