स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए सुनिश्चित करें प्रचार-प्रसार : डीएम
-जनगणना की सफलता को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा बैठक
मोतिहारी। भारत की जनगणना 2027 ” जन कल्याण की आधारशिला” है। उक्त बातें प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, सौरभ जोरवाल ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कही। उन्होने समाहरणालय परिसर अवस्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सभागार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना हेतु आयोजित बैठक को संबोधित करते कहा कि आगामी जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करे।
उन्होने जिला स्तरीय पदाधिकारियों की इस आवश्यक बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण को निर्देशित किया कि स्व गणना प्रक्रिया में जन भागीदारी सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती है। स्वगणना को जनगणना का एक महत्वपूर्ण अंग मानते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनेगी।
उन्होंने कहा कि स्व गणना के सफल संचालन के
लिए आम नागरिकों में जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसमें स्वयं से आप आज से 1 मई तक सूचना भर सकेंगें। नतीजतन सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार अभियान चलाएं तथा लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया, लाभ एवं महत्व के बारे में जानकारी प्रदान करें। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि स्वगणना से संबंधित तकनीकी अवसंरचना को सुदृढ़ किया जाए तथा सभी नामित कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण चार्ज स्तर पर प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया एवं संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, कर्मचारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे पूर्ण समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि स्वगणना सहित जनगणना की समस्त प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें। इसमें निदेशालय स्तर के मास्टर ट्रेनर, स्टेट लेवल ट्रेनर, जिला स्तरीय ट्रेनर फील्ड ट्रेनर, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का सहयोग लिया जा सकता है।
बैठक में जिला जनगणना पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जीविका दीदियों के शत प्रतिशत स्व-गणना रजिस्ट्रेशन कराने पर जोर दिया। मौके पर जिला नोडल अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि निदेशालय के निर्देश के आलोक में जनगणना 2027 को समयबद्धता के साथ पारदर्शी तरीके से पूरा कर लिया जाएगा, इसके लिए पूरा जिला प्रशासन का सहयोग अपेक्षानुरूप प्राप्त हो रहा है।
अपर समाहर्ता लोक निवारण शैलेन्द्र कुमार भारती ने बताया कि इसके दूरगामी परिणाम देश हित में निकल कर आते हैं। इससे लोगों के लिए आम सुविधा उपलब्ध कराने की कार्य योजना बनाने में सहायता प्राप्त होती है। बैठक में वरीय उप समाहर्ता प्रेमलता कुमारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राजन गिरि, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा अभियान प्रह्लाद गुप्ता, कुमार नित्यम गौरव, जनगणना कार्य निदेशालय, के पर्यवेक्षक द्वय प्रेमजीत सिन्हा, राजीव कुमार सिंह, आदित्य कुमार, प्रबंधन कोषांग से गोपालजी मिश्र, अमरेश कुमार, रमेश कुमार, कमलेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

