150 लीटर देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार,चोरी की बाइक बरामद
सुगौली। थाना क्षेत्र के गोडीगावां गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजेश कुमार, पिता पीतांबर सहनी, निवासी गोडीगावां, थाना सुगौली, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त व्यक्ति अवैध रूप से देसी चुलाई शराब का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजेश कुमार के कब्जे से लगभग 150 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा मौके से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसके संबंध में पहले से ही मामला दर्ज बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष अनिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

