राजकीय बुनियादी विद्यालय पीपराकोठी में ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन
-छात्रों को दिए गए सफलता के मंत्र
पीपराकोठी। राजकीय बुनियादी विद्यालय पीपराकोठी के प्रांगण में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और परीक्षा से जुड़े अपने डर व संशयों पर अनेक प्रश्न पूछे।
वही शिक्षकों के द्वारा बच्चों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। शिक्षकों ने बताया कि परीक्षा को डर या बोझ के रूप में नहीं, बल्कि एक त्योहार और उत्सव के रूप में मनाएं।
जबकि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और खुद पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर प्रश्न-पत्र को सही समय पर हल करने और पढ़ाई का शेड्यूल बनाने के गुर सिखाए गए।
प्रधानाध्यापक पंकज कुमार शर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, “परीक्षा कोई अंतिम परिणाम नहीं, बल्कि आपकी साल भर की मेहनत को निखारने का एक अवसर है। इसे उस त्योहार की तरह मनाएं जो साल में एक बार आता है। यदि परिणाम उम्मीद के मुताबिक न भी हो, तो अपनी कमियों से सीखें और उन्हें सुधार कर आगे बढ़ें।” अंत में चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले और उत्कृष्ट प्रश्न पूछने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

