रील बनाकर धौंस दिखा, भयादोहन के आरोप में सात युवक गिरफ्तार
हरसिद्धि। सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने झूठा वीडियो बनाकर शिक्षकों को भयादोहन एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिनव कुमार ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर बताया था कि कुछ लोग यूट्यूब और फेसबुक पर विद्यालय तथा शिक्षकों से संबंधित भ्रामक और झूठा वीडियो प्रसारित कर रहे हैं। इस वीडियो के माध्यम से शिक्षकों को डराने-धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा था।
नतीजतन प्रधानाध्यापक के आवेदन पर हरसिद्धि थाना में कांड संख्या 140/26, दिनांक 07 मार्च 2026 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक सिंह और विकास सिंह दोनों पिता चुमन सिंह धनखरैया रंजीता, रौनक कुमार 20 वर्ष पिता त्रिलोकी सिंह, ग्राम रंजीता बाबू टोला वार्ड संख्या 15, पंकज कुमार पिता सुरेंद्र यादव तथा उनकी पत्नी रविना यादव निवासी मठलोहियार; उपकार पांडेय पिता जयप्रकाश पांडेय हरसिद्धि निवासी वार्ड संख्या 06, तथा झुन्नू सिंह पिता स्व. रामबली सिंह निवासी रंजीता वार्ड संख्या 15 शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जांच के दौरान यह पाया गया कि सोशल मीडिया पर झूठे वीडियो प्रसारित कर शिक्षकों को डराने-धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की जा रही थी, फलस्वरूप सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

