मिलावटी सामान के विरुद्ध अरेराज में चला विशेष अभियान
मोतिहारी। अरेराज नगर पंचायत क्षेत्र में मिलावटी रंग, गुलाल एवं मिठाई की बिक्री को रोकने को लेकर विशेष अभियान चलाया गया।यह संयुक्त छापेमारी अभियान अनुमंडल पदाधिकारी, के नेतृत्व में कार्यपालक दंडाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत अरेराज की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों की जांच की गई। जांच के क्रम में कुछ दुकानों पर खाद्य पदार्थों के विक्रय हेतु आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।
ऐसी दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान से जुर्माना/चालान की कार्रवाई की गई तथा लाइसेंस संबंधी दस्तावेज अविलंब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे केवल मानक अनुरूप एवं प्रमाणित रंग, गुलाल एवं खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। मिलावट पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आमजन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्वोपरि है, तथा होली पर्व के दौरान इस प्रकार का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।

