पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी,मुख्यमंत्री मान को भी जान से मारने की चेतावनी

पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी,मुख्यमंत्री मान को भी जान से मारने की चेतावनी
Facebook WhatsApp

चंडीगढ़। हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय को आतंकी संगठन ने बम से उड़ाने की धमकी दी है। इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी देने का ई- मेल पंजाब सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों को प्राप्त हुआ है।चंडीगढ़ में हरियाणा और पंजाब का सिविल सचिवालय एक ही इमारत में है। दोनों राज्यों में बंटवारा हो चुका है लेकिन नौवीं मंजिल आपस में जुड़ी हुई है। आज सुबह पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों की ई-मेल आईडी पर यह संदेश मिले। दोनों सचिवालयों में हजारों कर्मचारी व अधिकारी कार्यरत हैं।

इस मेल में पंजाब सिविल सचिवालय में आज या कल में बम धमाका करने का ऐलान किया गया है। यह धमकी भरा ई- मेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरनख सिंह ने भेजा है। यह संदेश पंजाब सिविल सचिवालय के अधिकारियों के ग्रुपों में वायरल हुआ है। वायरल संदेश में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया है कि उनका हश्र पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा होगा।

पंजाब में आतंकवाद के दौर में बेअंत सिंह की हत्या सचिवालय में की गई थी। धमकी भरे संदेश में पंजाब पुलिस महानिदेशक काे जिक्र करते हुए लिखा है कि पंजाब के युवाओं के गलत एनकाउंटर किए जा रहे हैं।

चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब पुलिस को गुरुवार सुबह इस आशय की धमकी की सूचना दी गई। सचिवालय में दोनों राज्यों की पुलिस के अलावा सीआईएसएफ के जवान तैनात रहते हैं। पुलिस ने हरियाणा व पंजाब के सभी दफ्तरों को खाली करवाया है । दोनों राज्यों के मंत्रियों को कुछ समय अपने आवास पर रुकने की सलाह दी गई।

इस धमकी के मद्देनजर हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों की सचिवालय में होने वाली बैठकों को कुछ समय के लिए टाल दिया गया। चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब पुलिस की टीमों ने यहां काफी देर तक सर्च की लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। हरियाणा व पंजाब पुलिस ने सचिवालय की सुरक्षा बढ़ा दी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page