मुजफ्फरपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने आरोपित के घर में लगाई आग
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की हत्या के बाद रविवार सुबह जमकर बवाल हुआ। करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार की हत्या से आक्रोशित भीड़ ने परतापुर गांव में आरोपियों के घरों में आग लगा दी।
इस दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों को निशाना बनाए जाने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, नवनीत कुमार बीते शनिवार देर रात अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद नवनीत के साथ मारपीट की गई और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद नवनीत का शव गांव पहुंचा तो लोगों का आक्रोश भड़क उठा। इसके बाद उग्र भीड़ परतापुर गांव पहुंच गई और आरोपियों के घरों में आग लगा दी। आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई।
मौके पर सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिजीत कौर, दमकल की टीम और आसपास के कई थानों की पुलिस पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।

