आपसी भाईचारा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में शारदीय नवरात्र पूजन को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी
-आज से देवी दर्शन को करने वाली भीड़ के मद्देनजर जिला एवं पुलिस प्रशासन का आदेश जारी
-चिन्हित 833 स्थानों पर दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल रहेंगे मुस्तैद
-डीएम -एसपी ने जिलेवासियों को दी शारदीय नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं
मोतिहारी। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण वातावरण एवं सद्भाव के साथ संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्तादेश जारी किया है। जारी आदेशानुसार दुर्गा पूजा के त्यौहार को हर हाल में आपसी भाईचारा और सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। लिहाजा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता विधि व्यवस्था रहे
होगी। जिला में कुल 833 स्थान को चिन्हित करते हुए वहां पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल प्रतिनियुक्ति की गई है एवं सभी पदाधिकारियों को इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया गया है। देवी दुर्गा के पूजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए काफी सतर्कता बरतने की जरूरत है। अल्बत्ता अफवाहों के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
डीएम ने कहा कि जिले में संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किए गए है। नतीजतन वहां की स्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने अनुमंडल अन्तर्गत निर्मित अस्थाई एवं स्थाई मूर्तियों/पूजा पंडालों की संख्या सहित विसर्जन की प्रस्तावित तिथि की जानकारी दे दी है।
उल्लेखनीय है कि सदर मोतिहारी में 157 अस्थाई एवं 55 स्थाई मूर्तियां हैं। वहीं चकिया में 175 अस्थाई तथा 30 स्थाई, पकड़ीदयाल में 88 अस्थाई तथा 08 स्थाई, सिकरहना में 101 अस्थाई तथा 06 स्थाई, रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत 126 अस्थाई तथा 26 स्थाई एवं अरेराज अनुमंडल में 104 अस्थाई एवं 70 स्थाई मूर्तियां स्थापित हैं। इस प्रकार जिला में कुल 749 अस्थाई एवं 195 स्थाई मूर्तियों की अलौकिक रूप में स्थापित किए जाने की जानकारी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि 21 से 24 अक्टूबर तक पंडालो में स्थापित मां की अलौकिक मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित किया गया है। शांतिपूर्ण वातावरण में सद्भाव के साथ पूजा एवं विसर्जन संपन्न कराने संबंधी सभी जरूरी निर्देश पूजा समितियां को दे दिए गए हैं। पूजा पंडालों में आम दर्शनार्थियों को सहयोग के लिए वॉलिंटियर्स खासकर महिला वॉलिंटियर्स भी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि महिला दर्शनार्थियों को कोई दिक्कत नहीं हो।
पूजा पंडाल में फायर सेफ्टी का उपयोग, बड़े पंडालो के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, विवादित स्थल पर मूर्ति स्थापना नहीं हो, यह सुनिश्चित करना, निर्धारित तिथि और निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन हो, सुनिश्चित करना, विवादित मार्गो से विसर्जन जुलूस नहीं निकले, जुलूस में उत्तेजक नारे नहीं लगे तथा डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जबकि पूजा पंडाल के पास आतिशबाजी पर रोक लगा दी गई है। जिला स्तर पर एवं अनुमंडल स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम बनाये गये है, जो 17 अक्टूबर के पूर्वाह्न से 21अक्टूबर तक अथवा विसर्जन की समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। इसके अतिरिक्त शहर के छतौनी चौक, छतौनी बस स्टैंड, कचहरी चौक, राजा बाजार, बलुआ चौक, रघुनाथपुर, गांधी चौक,मधुबन छावनी चौक, दुर्गा चौक, जानपुल चौक, चांदमारी चौक एवं ज्ञान बाबू चौक पर भी नियंत्रण कक्ष स्थापित कराई जा रही है।
जिला के अन्य अनुमंडल में भी बड़े आयोजन वाले स्थान पर भी नियंत्रण कक्ष बनाया जा रहा है। जिला के वरीय पदाधिकारियों को अनुमंडल स्तर पर पर्यवेक्षक के लिए अलग से प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें सदर अनुमंडल के लिए अपर समाहर्ता, सिकरहना अनुमंडल में उप विकास आयुक्त, अरेराज अनुमंडल में एडीएम लोक शिकायत, पकड़ीदयाल अनुमंडल में एडीएम विभागीय जांच, चकिया अनुमंडल में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी एवं रक्सौल अनुमंडल में अपर समाहर्ता भू हदबंदी को जिम्मेवारी सौंपी गई है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी को संवेदनशील पूजा पंडालो के पास ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर बनाने, सीसीटीवी कैमरा की अधिष्ठापन, फोटो कैमरा एवं वीडियो ग्राफर एवं ड्रोन की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए गए है। जिलाधिकारी ने बताया है कि सभी चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रतिनियुक्त पदाधिकारी 17 अक्टूबर के पूर्वाह्न से अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। सदर अनुमंडल मोतिहारी अंतर्गत कुल 232 स्थानो पर, सिकराहना अनुमंडल में 119 ,पकड़ीदयाल अनुमंडल अंतर्गत 111, अरेराज अनुमंडल अंतर्गत 92, चकिया अनुमंडल अंतर्गत 144 तथा रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत 136 चिन्हित स्थानों पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। छतौनी बस स्टैंड स्थित पूजा पंडाल में निदेशक डीआरडीए डॉ. कुंदन कुमार एवं स्पोर्ट्स क्लब स्थित मेला में निदेशक डीआरडीए जयराम चौरसिया की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है। जिला स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है, जो सभी स्थितियों पर नजर रखेगी। अधिकारी द्वय ने संपूर्ण जिला वासियों से दुर्गा पूजा के त्यौहार को पूरे उमंग एवं उत्साह के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में सौहार्द्रपूर्ण तरीके से भाईचारे के साथ मनाने सहित नियमों का पालन कर सहयोग करने की अपील की है। जबकि सम्पूर्ण शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दी है।

